Press Releases

ब्रश करने की तरीका तय करता है दांतों की उम्र:विमल कालिया

 

प्रयोग फाउंडेशन ने प्रोजैक्ट स्माईल से किया दंत जांच शिविर का आयोजन

पंचकूला की कालोनियों के सौ से अधिक बच्चों की जांच

पंचकूला। हमारे ब्रश करने का तरीका ही दांतों की उम्र तय करता है। ज्यादातर लोग ब्रश करने को महज एक नित्य कार्य मानते हैं, जबकि यह पूरे शरीर को स्वस्थ रखने का आधार है। उक्त विचार पंचकूला डेंटल प्रैक्टिशनर एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध साहित्यकार डॉक्टर विमल कालिया ने स्थानीय सैक्टर-15 स्थित राजकीय आदर्श संस्कृति प्राथमिक पाठशाला परिसर में प्रयोग फाउंडेशन द्वारा आयोजित दंत जांच शिविर के दौरान आनंद शिक्षा के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किये। शिविर के दौरान 120 बच्चों की जांच करके उन्हें परामर्श दिया गया और समाज सेविका नीलू अग्रवाल की तरफ से बच्चों को ब्रश व पेस्ट वितरित किए गए।
उन्होंने कहा कि दांत हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसके बावजूद बच्चे तथा उनके अभिभावक इसे गंभीरता से नहीं लेते हैं। बच्चों को दिन में दो से तीन बार ब्रश करने की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने बच्चों को जंक फूड, चॉकलेट व टॉफी आदि से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि दांतों की स्वास्थ्यता और सुंदरता पर पूरे शरीर की सेहत निर्भर करती है।
इस अवसर बोलते हुए प्रयोग फाउंडेशन के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि फाउंडेशन द्वारा बच्चों के दांतों की संभाल के लिए प्रोजैक्ट स्माईल शुरू किया गया है। जिसके तहत अब तक करीब एक हजार बच्चों के दांतों की जांच करवाई जा चुकी है।
इस अवसर पर स्कूल मुख्य अध्यापक कैलाश चंद्र ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों को अपनी सेवाओं के दायरे का विस्तार करना चाहिए जिससे अधिक से अधिक बच्चों को लाभ मिल सके। शिविर के दौरान पंचकूला की इंदिरा कालोनी, राजीव कालोनी से आए हुए बच्चों की डॉ.विकास शर्मा, रजत कपूर, दीपक, सैकट चक्रबर्ती तथा सलिल वांगू की टीम ने बच्चों के दांतों की जांच करते हुए ब्रश करने के तरीके बताए। 
समाज सेविका नीलू अग्रवाल ने बच्चों से रूबरू होते हुए उन्हें स्वस्थ रहने व दांतों की संभाल के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर आनंद शिक्षा के संचालक अरूण अग्रवाल, राज बंसल, कार्यक्रम की संयोजिका सीमा गुप्ता, नवनीत शर्मा, शिवांगी बंसल, तान्या रोहिला, संयोजक ब्लैसी समेत कई गणमान्य मौजूद थे।
Copyright © 2025 Paryog Foundation. All Rights Reserved.
Designed and Developed by Solution Intelligentia